खबर पक्की, 19 जून, रतलाम। कस्तूरबा नगर में बन रहे फोरलेन रोड का काम धीमी गति से चल रहा है। हाल ही में हुई बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ और गड्ढों में पानी भर गया है। इससे आने-जाने वालों को परेशानी हो रही है।
गुरुवार शाम क्षेत्र के पंकज शर्मा, वार्ड 24 के कांग्रेस पार्षद मोहम्मद सलीम बागबान और अन्य लोगों ने गड्ढों में भरे पानी में बैठकर विरोध दर्ज कराया। नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के खिलाफ नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक विरोध चलता रहा लेकिन कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
दो महीने से अधूरा पड़ा काम
राम मंदिर तिराहा से सुभाष नगर ब्रिज तक सिटी फोरलेन बनाया जाना है। आधे हिस्से में काम शुरू हुआ है, लेकिन दो महीने से अधूरा पड़ा है। बारिश के चलते कीचड़ और पानी भर गया है। वाहन फिसलने की घटनाएं भी हो रही हैं।
इन कॉलोनियों को हो रही परेशानी
कस्तुरबा नगर, शक्तिनगर, राजीवनगर, एमबी नगर, मोहननगर, भगतसिंह कॉलोनी, विरियाखेड़ी, डाक तार कॉलोनी सहित कई कॉलोनियां इस मार्ग से जुड़ी हैं। यहां के हजारों रहवासियों को इस मार्ग से आना-जाना पड़ता है।
वैकल्पिक व्यवस्था होनी चाहिए
रहवासी पंकज शर्मा ने कहा, दो माह से लोग परेशान हैं। ठेकेदार सड़क खोदकर चला गया। बारिश में वैकल्पिक व्यवस्था होनी चाहिए, लेकिन कोई जिम्मेदार नहीं है। कांग्रेस पार्षद मोहम्मद सलीम बागबान ने कहा, ऐसी ही स्थिति वार्ड 24 के अशोक नगर में भी है। जनता के हित में यहां समर्थन देने आया हूं।
क्षेत्रीय लोग विरोध में नहीं हुए शामिल
विरोध में क्षेत्र के बाहरी लोग ही शामिल हुए। स्थानीय रहवासी और दुकानदार विरोध में शामिल नहीं हुए। कस्तूरबा नगर क्षेत्र बीजेपी बाहुल्य है। वार्ड पार्षद मनीषा मनोज शर्मा नगर निगम अध्यक्ष भी हैं।
बारिश में सड़क बनी दलदल, गड्ढों में भरा पानी : रतलामवासी विरोध जताने कीचड़ में बैठे, कस्तूरबा नगर में फोरलेन निर्माण 2 महीने से बंद
