• Sun. Aug 30th, 2026

आधी रात को शहर में सड़कों पर उतरी पुलिस : बेवजह घूमने वालों पर कार्रवाई, चेकिंग में चाकू के साथ पकड़ाया युवक

BySurendra Jain

Jun 8, 2025

खबर पक्की, 8 जून, रतलाम। शहर में एक सप्ताह में आधी रात में दो मर्डर होने के बाद पुलिस ने रात में बेवजह घूमने वालों के खिलाफ मुस्तैदी दिखाना शुरू कर दी है। शनिवार देर रात पुलिस पुलिस सड़क पर उतरी। शहर के अलग-अलग चौराहों पर तलाशी अभियान चलाया। चौराहों पर पुलिस को देख कई युवाओं ने अपनी बाइक दूसरी तरफ घूमा दी।
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी, डीडी नगर थाना प्रभारी मनीष डाबर, माणकचौक थाना प्रभारी अनुराग यादव पुलिस बल के साथ रात 11 बजे सड़क पर उतरे। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में बाइक पर सवार युवाओं को रोक तलाशी ली। अधिकतर बाइक पर तीन-तीन युवा सवार दिखे, जिन्हें रोका गया। कारण पूछा, स्पष्ट जवाब नहीं देने पर बाइक को जब्त कर थाने पहुंचाया गया।
शहर सराय चौराहे पर अधिकतर युवा बाइक पर तीन-तीन सवार होकर निकले। सभी को रोका गया, आधी रात को घर से बाहर निकलने का कारण पूछा। कुछ ने कहा चाय पीने जा रहे थे तो कुछ ने अन्य बहाने बनाए। करीब आधे घंटे तक सभी अधिकारी शहर सराय चौराहे पर डटे रहे। कुछ ने पुलिस को देख अपनी बाइक दूसरी तरफ पलटा कर भागने की कोशिश की। पुलिस बल दूर-दूर तक तैनात होने पर बाइक सवारों को रोक कर तलाशी ली गई।
पुलिस अधिकारी जब शहर में घूम रहे थे तो एक बाइक पर चार युवा सवार दिखे। पुलिस ने अपना वाहन उनके पीछे लगाया। सर्किट हाउस के बाहर पुलिस ने बाइक के आगे अपने वाहन को रोका। चारों की तलाशी ली, इसके बाद बाइक जब्त कर थाने भेजी।
बता दें कि, शहर के स्टेशन रोड क्षेत्र में शहर के अलग-अलग हिस्सों के युवाओं का रात में जमावड़ा लगा रहता है। पुलिस अधिकारी दिलबहार चौराहे से पैदल-पैदल रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पहुंचे। पुलिस ने देर तक खुली दुकानों को बंद कराया। पुलिस को देख इस क्षेत्र से भी युवा तितर-बितर हो गए।
पुलिस अधिकारी पैदल-पैदल स्टेशन के दो नंबर प्लेटफार्म के सामने से 4 नंबर प्लेटफार्म की तरफ रेस्टोरेंट की तरफ आगे तक गए। दुकानदारों को भी समझाया कि समय पर दुकानें बंद करें। बेवजह भीड़ ना लगाए। पुलिस के तलाशी अभियान में थाना औद्योगिक क्षेत्र में एक युवक को चाकू के साथ भी पकड़ा, देर रात तक युवक से पूछताछ जारी थी।
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया आधी रात को बेवजह घूमने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की चेकिंग लगातार जारी रहेगी।

error: Content is protected !!