• Sat. Oct 24th, 2026

देर रात युवक की हत्या की आशंका:खाली प्लॉट में गिरते हुए CCTV में कैद हुआ, इलाके के सारे फुटेज खंगाल रही पुलिस

BySurendra Jain

May 29, 2025

खबर पक्की, 29 मई, रतलाम। गुरुवार सुबह मित्र निवास कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में एक युवक का शव मिला है। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या की गई है। जहां शव मिला है वहां के पास का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक जान बचाकर भागते हुए दिखाई दे रहा है।
पुलिस ने शव की पहचान रत्नेश्वर रोड निवासी अरुण के रूप में की है। बताया जा रहा है कि बुधवार रात अरुण का कालिका माता मंदिर परिसर में कुछ अज्ञात लोगों से विवाद हुआ था। इसके बाद गुरुवार सुबह मंदिर से 100 मीटर दूर एक खाली प्लॉट में उसका शव मिला।
कचरा फेंकने आए लोगों ने देखा शव
गुरुवार सुबह जब कचरा गाड़ी कॉलोनी में पहुंची, तो कुछ लोग कचरा फेंकने आए। उसी दौरान उन्होंने शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
इलाके के सारे CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी राकेश खाखा और स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और इलाके के CCTV फुटेज खंगालना शुरू किया। एएसपी राकेश खाखा ने बताया, प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना स्थल के आसपास के सभी CCTV कैमरे देखे जा रहे हैं। सभी पहलुओं की जांच जारी है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

You missed

error: Content is protected !!