• Sun. Oct 25th, 2026

बाइक सवारों को गलत साइड आने पर टोका तो पूर्व नगर निगम अध्यक्ष और बेटी के साथ मारपीट

BySurendra Jain

May 24, 2025

खबर पक्की, 24 मई, रतलाम। पूर्व नगर निगम अध्यक्ष दिनेश पोरवाल व उनकी बेटी महिमा (27) के साथ बाइक सवारों ने मारपीट की। पूर्व निगम अध्यक्ष अपनी बेटी के साथ ब्रिज पर स्कूटी से जा रहे थे, सामने से रांग साइड में कुछ युवा बाइक व स्कूटी से आए। रांग साइड में आने पर टोका तो उनके व बेटी के साथ मारपीट की।
घटना शुक्रवार रात सैलाना ओवरब्रिज की है। बेटी ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश की स्कूटी से चाबी निकाल ली। पुलिस ने बेटी की शिकायत पर तीन नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गलत साइड से आने पर टोका तो पीटा
पोरवाल अपनी बेटी के साथ स्कूटी से राम मंदिर की तरफ से ब्रिज पर होते हुए शहर सराय स्थित अपने निवास पर जा रहे थे। सामने से रांग साइड में तेज रोशनी के आ रही बाइक और स्कूटी पर सवार 4 से 5 युवकों को गलत साइड में आने पर टोका। इस बात से नाराज बदमाशों ने बेल्ट से उन पर हमला कर मारपीट शुरू कर दी।
चेन लूटने का आरोप लगाया
बेटी पिता को बचाने आगे आई तो बदमाशों ने उन्हें भी बेल्ट व हाथ मुक्कों से पीटा। गले से करीब 4 तोला सोने की चेन भी इस दौरान गिर गई। बेटी ने चेन लूटने का आरोप लगाया है। बेटी महिमा की हिम्मत से एक बदमाश की स्कूटी की चाबी निकालने से रात में ही बदमाशों की पहचान हो गई।
रात में ही सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। एक आरोपी शिशिर पिता भेरूलाल बोरीवाल निवासी डोंगरे नगर को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ में साथ में शुभम निवासी डोंगरे नगर, लाखा निवासी सुभाष नगर समेत अन्य साथियों के नाम बताए हैं। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दोनों को आई चोट
मारपीट में पूर्व निगम अध्यक्ष को बाएं कान व बेटी को दाहिने हाथ पर चोट लगी है। रात में ही दोनों को मेडिकल कॉलेज में मेडिकल किया गया। पुलिस अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी है।

You missed

error: Content is protected !!