• Wed. Sep 2nd, 2026

दिल्ली-मुबंई 8 लेन एक्सप्रेस वे पर फिर हुई पत्थरबाजी : थांदला टोल नाका क्रास करने के बाद कार पर हुआ पथराव; पत्नी को छोड़ कर आ रहे थे सैलाना

BySurendra Jain

Apr 7, 2025

खबर पक्की, 7 अप्रैल, रतलाम। रतलाम से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस वे पर पत्थरबाजी रुकने का नाम नहीं ले रही है। रविवार रात झाबुआ जिले के थांदला टोल गेट से 6 किमी दूर रतलाम क्षेत्र में कार पर पत्थरबाजी हुई। कार ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को नहीं रोका। सीधे धामनोद (रतलाम) टोल नाके पर आकर रोका। धामनोद पुलिस चौकी पर पत्थर बाजी की सूचना दी। पत्थर लगने से कार के आगे के कांच टूट गए।
अकील खान पिता नूरमोहम्मद खान पठान निवासी शेखजी मोहल्ला सैलाना पत्नी अमरीन को मायके छोडऩे थांदला गए थे। वापस लौटने के दौरान रविवार रात 8 बजे दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे के थांदला टोल गेट क्रॉस कर रतलाम के क्षेत्र में पहुंचे। अचानक से कार पर पथराव हुआ। कार पर दो पत्थर लगे। आगे का कांच दोनों साइड से फूट गया। कांच के टुकड़े कार में बिखर गए।
ड्राइवर ने हिम्मत दिखाई
अचानक हुए पथराव से कार ड्रायवर सद्दाम शाह हिम्मत दिखाते हुए कार को नहीं रोकते हुए स्पीड बढ़ा दी। पत्थरबाजी वाली जगह से ड्राइवर कार को स्पीड से लेकर निकला। सीधे धामनोद टोल नाके पर ही आकर रुका। यहां टोलकर्मियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद कार में सवार अकील खान ने देर रात धामनोद पुलिस चौकी पहुंचकर आवेदन दिया।
कार रोकते हो सकता था हादसा
अकील खान ने बताया पथराव के बाद यदि ड्राइवर का बैलेंस बिगड़ता तो बड़ी घटना हो सकती थी। पत्थर इतनी स्पीड से आए थे कि मुझे या ड्राइवर दोनों में से किसी को भी सिर में लगता तो जान जा सकती थी। धामनोद चौकी प्रभारी आनंद बागवान ने बताया की आवेदन लिया है। प्रथमदृष्टया घटनास्थल थांदला थाना क्षेत्र का लग रहा है। संबंधित थाना क्षेत्र को इस बारे में सूचना दी है। वरिष्ठ अधिकारियों को भी जानकारी दी है। हम भी पत्थरबाजों की तलाश कर रहे है।

You missed

error: Content is protected !!