खबर पक्की, 20 मार्च, रतलाम। एक बार फिर चोरों ने एक ही रात में पांच घरों के ताले तोड़े। दो सूने मकानों से चोर नगदी समेत लाखों रुपए की ज्वेलरी चुरा ले गए। इसके अलावा तीन अन्य स्थानों के भी ताले तोड़े हैं। लेकिन चोर कुछ ले जाने में सफल नहीं हो पाए।
चोरी की घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात रतलाम कोर्ट के सामने रहने वाले इशान पिता डॉ. नरेंद्र उपाध्याय के दो मंजिला मकान पर हुई है। इशान का रतलाम के सूरजमल नगर में एक और घर है। परिवार समेत सभी लोग वहां गए हुए थे। गुरुवार सुबह जब वह लौटे तो घर के ताले टूटे मिले। घर के अंदर गए तो नीचे व उपरी मंजिल की आलमारियों के लॉकर टूटे मिले। चोरी की सूचना पुलिस को दी।
सोने का गोल्ड सेट, सोने के कंगन ले गए
इशान उपाध्याय की रतलाम कोर्ट के सामने फोटो कॉपी व स्टांप की दुकान व घर है। बुधवार शाम करीब 5 बजे दुकान पर ताला लगाकर सूरजमल जैन नगर स्थित घर गया था। गुरुवार सुबह जब दुकान पर आकर देखा तो घर की कुंडी कटी हुई थी। चोर घर के पहले कमरे से होकर अंदर घुसे। घर के अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ था। बदमाशों ने अलमारी का लॉकर तोड़ दिया। अलमारी में रखी ज्वेलरी सोने का गोल्ड सेट, सोने के कंगन, चांदी के आभूषण समेत 50 हजार नगदी चुरा ले गए। सोने की ज्वेलरी करीब 35 ग्राम व चांदी के आभूषण 500 ग्राम के थे। जिनमें चांदी के सिक्के, मूर्ति शामिल है। घर में सीसीटीवी भी लगे थे। लेकिन बंद पड़े थे।
परिवार इंदौर गया था
दूसरी बड़ी चोरी मोहित पिता सत्यनारायण मंत्री निवासी टीआईटी रोड के सूने मकान पर हुई। मोहित ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि वह इंदौर में प्राइवेट नौकरी करता है। 13 मार्च को पिता मां के पैर में फैक्चर होने के कारण दोनों मेरे साथ इंदौर में निवास कर रहे थे। रतलाम स्थित टीआईटी रोड घर पर कोई नहीं था। गुरुवार सुबह मेरे चाचा राधेश्याम मंत्री ने मोबाइल फोन पर बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है।
दो सोने की अंगूठी, 30 चांदी के सिक्के उड़ाए
घर का सारा सामान बिखरा है। सूचना मिलने पर पिता को लेकर रतलाम स्थित घर पहुंचा। सामान चेक किया तो घर में रखी अलमारियों से दो सोने के कान के टॉप्स, दो सोने की अंगूठी, 30 चांदी के सिक्के, तीन कांटे नाक के सोने के, एक सोने की चेन, तीन चांदी की पायजेब, 3 चांदी की बीढिया समेत 30 हजार रुपए नगदी चोर चुरा ले गए।
सीएसपी व टीआई पहुंचे
चोरी की सूचना पर सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी समेत पुलिस बल कोर्ट के सामने स्थित मकान पर पहुंचे। चोर कहां से घुसे, किस तरह आलमारियों के लॉकर तोड़े देखा। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया। पुलिस शहर के सीसीटीवी चेक कर रही है।
तीन अन्य स्थानों पर ताले टूटे
जानकारी के अनुसार शहर के जावरा रोड क्षेत्र व शास्त्री नगर में डॉ. सीबी राठौर के मकान के भी ताले टूटे है। लेकिन अभी तक कोई शिकायतकर्ता पुलिस के पास नहीं पहुंचा है। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि सूने मकान पर ताले टूटे हैं। कुछ सामान चोरी हुआ है। पुलिस टीम जांच में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं। शीघ्र ही चोरों को पकड़ा जाएगा।
5 सूने मकानों के तोड़े ताले : नगदी समेत लाखों रुपए की ज्वलेरी पर चोरों ने हाथ साफ किया; पुलिस जांच में जुटी
