खबर पक्की, 18 मार्च, रतलाम। इन्वेस्टमेंट के नाम पर 2 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में आरोपी की पत्नी को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है।
मंगलवार को एसपी अमित कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान जावरा निवासी आता मोहम्मद पिता मोहम्मद आरिफ 20 वर्ष ने उन्हें इन्वेस्टमेंट के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत की थी। फरियादी ने बताया था कि आरोपी आबिद पिता रशीद और उसकी पत्नी नीलू ने कई व्यक्ति के साथ इन्वेस्टमेंट के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी की है। एसपी के निर्देश पर फरियादी की शिकायत पर इस मामले में धोखाधड़ी एवं अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था।
2 करोड़ 21 लाख से अधिक की धोखाधड़ी आई सामने
एसपी अमित कुमार ने सीएसपी जावरा दुर्गेश आर्मी और जावरा शहर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन को टीम बनाकर जांच करने एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जांच में सामना आया कि आरोपियों ने किसी से प्रॉपर्टी के बिजनेस में इन्वेस्टमेंट करने, किसी को रुपया दुगना करने, किसी को मोटा मुनाफा लौटाने के नाम पर कुल 2 करोड़ 21 लाख 60 हजार रुपए की धोखाधड़ी की है।
पुलिस ने पूर्व में इस मामले में आरोपी की पत्नी नीलू को गिरफ्तार कर लिया था जो वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में है। 17 मार्च को पुलिस ने अजमेर राजस्थान से आरोपी आबिद को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पुलिस रिमांड लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी ने कुछ लोगों को मुनाफे के तौर पर लाखों रुपए भी दिए हैं। इन लोगों की भी पुलिस जांच कर रही है।
इन्वेस्टमेंट के नाम पर 2 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार
