• Fri. Sep 4th, 2026

अनाज मंडी में गेहूं की 1500 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पहुंची : दिनभर में 430 ट्रॉली अनाज बिका; रंग पंचमी पर बंद रहेगी मंडी

BySurendra Jain

Mar 17, 2025

खबर पक्की, 17 मार्च, रतलाम। जिले के महू नींमच रोड स्थित कृषि उपज मंडी में गेहूं की बंपर आवक हो रही है। तीन दिन की छुट्टियों के बाद सोमवार सुबह मंडी खुली। जहां 1500 से अधिक ट्रैक्टर ट्रॉलियों में गेहूं लेकर किसान पहुंचे। हालांकि, नीलामी में सभी किसानों का नंबर नहीं आ सका, जिससे कई किसान परेशान हो गए।
मंडी में गेहूं की भारी आवक, लेकिन नीलामी में देरी
मंडी खुलने के पहले ही रविवार शाम को मंडी में ट्रैक्टर ट्रॉलियों का आना शुरू हो गया था। सुबह तक मंडी में चारों तरफ से गेहूं से भरे वाहन दिखाई देने लगे। धुलेंडी की छुट्टी के कारण शनिवार और रविवार को नीलामी नहीं हो पाई थी, जिससे सोमवार को किसानों को इंतजार करना पड़ा। ऐसे भी कई किसान थे, जिन्हें मंडी में उपज आए हुए दो दिन हो गए। लेकिन उनका सोमवार दोपहर तक नंबर नहीं आया था।
किसान ने उठाई लंच टाइम को कम करने की मांग
गांव गुडरखेड़ा से आए किसान हरीश प्रजापत ने बताया कि वह चार दिन पहले मंडी में उपज लेकर आए थे, लेकिन सोमवार दोपहर तक उनका नंबर नहीं आया। उन्होंने मंडी प्रशासन से लंच टाइम को कम करने की अपील की, क्योंकि दिनभर में केवल 400 ट्रॉलियों में रखे गेहूं की नीलामी हो रही है। उनका कहना था कि नीलामी प्रक्रिया को तेज किया जाए।
रंग पंचमी पर रहेगी छुट्टी
19 मार्च को रंग पंचमी के कारण फिर से मंडी बंद रहेगी। ऐसे में मंडी में गेहूं लेकर आने वाले किसानों की संख्या सोमवार देर रात और बढऩे की संभावना है। दिनभर में करीब 15 हजार क्विंटल गेहूं की नीलामी हो पाई है। मंडी प्रभारी राजेंद्र व्यास ने बताया 430 ट्रैक्टर ट्रॉलियों में रखे गेहूं की नीलामी हुई है। शेष वाहनों में रखे उपज की नीलामी मंगलवार को होगी। रंग पंचमी पर छुट्टी रहेगी।

You missed

error: Content is protected !!