खबर पक्की, 4 मार्च, रतलाम। कलेक्टर राजेश बाथम ने आमजन की सुविधा के लिए जिले के उप तहसील न्यायालयो में राजस्व संबंधी न्यायालय कार्यों की सुनवाई के लिए स्थान एवं दिनांक निर्धारित किए हैं।
बताया गया है कि जिले की रतलाम ग्रामीण तहसील के अंतर्गत उप तहसील टप्पा मुंदड़ी के न्यायालय कार्य संचालन का स्थान नवीन भवन निर्माण कार्य पूर्ण होने तक पंचायत भवन मुंदड़ी पर रहेगा। मुंदड़ी में प्रति गुरुवार एवं शुक्रवार को राजस्व न्यायालय कार्य एवं सुनवाई होगी। इसी प्रकार उप तहसील टप्पा बिलपांक में नवीन भवन निर्माण कार्य पूर्ण होने तक पटवारी कार्यालय बिलपांक पर प्रति बुधवार एवं शुक्रवार न्यायालय कार्य संचालन किया जाएगा। इसी प्रकार जिले की तहसील जावरा के अंतर्गत टप्पा ढोढर का न्यायालय कार्य नवनिर्मित भवन के हस्तांतरित होने तक पटवारी कार्यालय ढोढर पर प्रति सोमवार एवं गुरुवार किया जाएगा। तहसील पिपलोदा के अंतर्गत टप्पा कालूखेड़ा का न्यायालय कार्य एवं सुनवाई कार्य नवनिर्मित भवन के हस्तांतरित होने तक पंचायत भवन कालूखेड़ा में प्रति सोमवार बुधवार एवं शुक्रवार को किया जाएगा।
कलेक्टर द्वारा उपरोक्त निर्धारित व्यवस्था के अनुसार संबंधित पीठासीन अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार निर्धारित स्थान पर निर्धारित दिवसों में राजस्व संबंधी न्यायालय कार्य एवं सुनवाई करेंगे।
