• Wed. Sep 2nd, 2026

शिवगढ़ मार्ग पर पलटी कार, एक युवक की मौत, तीन घायल, केदारेश्वर दर्शन कर लौट रहे थे

BySurendra Jain

Feb 26, 2025

खबर पक्की, 26 फरवरी, रतलाम। जिले के सैलाना स्थित केदारेश्वर से दर्शन कर लौट रहे चार दोस्तों की कार मंगलवार रात शिवगढ़ मार्ग पर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, वहीं तीन अन्य घायल हो गए। उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार, बालकृष्ण पिता नाथूलाल डोडियार (24), अमन पिता शांतिलाल वर्मा (23), सचिन पिता पूनम चंद निमामा (20), बबलू पिता कमल सिंह रावत (20) सभी निवासी करमदी सैलाना के केदारेश्वर से दर्शन कर कार से लौट रहे थे। मंगलवार रात करीब 2 बजे केदारेश्वर और शिवगढ़ मार्ग के बीच उनकी कार बेकाबू होकर पलट गई। घटना की सूचना मिलने पर रात में पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद चारों घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज लाया गया। डॉक्टर ने बालकृष्ण पिता नाथूलाल को मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह मृतक के पीएम के लिए परिजन और ग्रामीण मेडिकल कॉलेज में मौजूद है। करमदी के राजेश पुरोहित ने बताया कि चारों दोस्त थे। केदारेश्वर दर्शन कर गांव लौट रहे थे, इस दौरान हादसा हो गया। युवक की 10 साल की बालिका, पत्नी और माता-पिता है। वह मोटर बाइंडिंग का काम करता था। शिवगढ़ पुलिस थाना घटनाक्रम की जांच कर रही है।

You missed

error: Content is protected !!