• Mon. Oct 26th, 2026

अधिकारियों का अनावश्यक दबाव नहीं सहेंगे : रतलाम में पटवारियों की चेतावनी- मांगों के निराकरण नहीं होने पर करेंगे काम बंद

BySurendra Jain

Feb 20, 2025

खबर पक्की, 20 फरवरी, रतलाम। प्रांतीय पटवारी संघ के आव्हान पर जिले के पटवारियों ने रतलाम तहसील कार्यालयों पर प्रदर्शन किया। पटवारियों ने काम के दौरान आ रही तकनीकी समस्याओं व मांगो का निराकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। अधिकारियों द्वारा अनावश्यक रूप से दबाव बनाने व अवैधानिक कार्रवाई कर प्रताडि़त करने के खिलाफ तहसील कार्यालयो में सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रांतीय पटवारी संघ रतलाम जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पाटीदार ने बताया कि समस्त पटवारियों द्वारा किसानों के हित में शासन के महत्वाकांक्षी राजस्व महाभियान 3.0 को सफल बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी है। वर्तमान में फार्मर रजिस्ट्री व ई-केवाईसी का कार्य चल रहा है, जिसमें तकनीकी त्रुटियों आ रही हैं। नए-नए अभियान बिना किसी ट्रेनिंग में शुरू किए जा रहे हैं। जिसकी ग्रेडिंग के लिए प्रदेश भर के अधिकारियों में होड़ लगी है।
नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
पटवारियों पर दिन रात दबाव बनवा कर कार्य करवाया जा रहा है। उचित संसाधन एवं त्रुटिपूर्ण सॉफ्टवेयर के कारण कार्य न होने पर पटवारियों को सस्पेंड आदि अनावश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस कारण पटवारियों में रोष व्याप्त है।
पटवारियों ने तहसील कार्यालयों में प्रदर्शन कर सीएम डॉ. मोहन यादव व राजस्व मंत्री के नाम समस्याओं के निराकरण का ज्ञापन सौंपा है। पटवारियों ने चेतावनी दी है कि समय रहते हमारी मांगों का निराकरण नहीं किया जाता है तो काम बंद कर हड़ताल की जाएगी।

error: Content is protected !!