• Fri. Sep 4th, 2026

ट्रक ड्राइवर पर गैर इरादतन हत्या का केस : दो दिन पहले लेडी कॉन्स्टेबल और पति की हादसे में हुई थी मौत; रोड मेंटेनेंस और टोल कंपनी को भी नोटिस

BySurendra Jain

Feb 10, 2025

खबर पक्की, 10 फरवरी, रतलाम। फोरलेन पर बीच रोड पर ट्रक खड़ा करने पर हुए लेडी कॉन्स्टेबल के एक्सीडेंट के मामले में पुलिस ने फोरलेन मेंटेनेंस कंपनी व टोल वसूली कंपनी को नोटिस जारी किया है। साथ ही ट्रक ड्राइवर पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आज को ट्रक ड्राइवर को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बता दें कि शनिवार सुबह करीब 4.30 बजे लेबड़-नयागांव फोरलेन पर सिमलावदा के आगे झालरापाड़ा के यहां फोरलेन पर डिवाइडर ले लगाकर खड़े ट्रक में एक कार जा घुसी थी। कार में सवार रतलाम के माणकचौक थाने में पदस्थ लेडी कॉन्स्टेबल झन्ना गामड़ और उनके पति अरविंद डामोर की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि दो छोटे बच्चों को मामूली चोट आई थी। घटना के बाद पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया था। रविवार को मेंटेनेंस कंपनी के ट्रक का ड्राइवर राहुल (27) पिता बहादुरनाथ निवासी कोलूखेड़ी (उज्जैन) को गिरफ्तार कर लिया है।
हादसे के बाद मौके पर एएसपी राकेश खाखा, ग्रामीण एसडीओपी किशोर पाटनवाला व बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान ने हादसे जुड़े पहलुओं की जांच की थी।
पुलिस ने जांच में पाया गया कि ट्रक के ना तो इंडिकेटर चालू थे और नहीं रोड पर लाइट। रूट डायवर्ट को लेकर भी कोई संकेतक नहीं लगाया गया। यहां तक टोल प्लाजा कंपनी के गश्ती दल ने भी बीच रोड पर खड़े ट्रक को लेकर ध्यान नहीं दिया। इस कारण मेंटेनेंस कंपनी व टोल प्लाजा कंपनी को भी बिलपांक थाना पुलिस ने नोटिस दिया है। बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान ने बताया ट्रक ड्रायवर को अरेस्ट कर केस दर्ज किया है। पूछताछ की जा रही है। दोनों कंपनियों को भी नोटिस जारी किया है।
एक साथ हुआ था अंतिम संस्कार
मृत दंपती का शनिवार शाम करीब 5 बजे उनके पैतृक गांव बोरझड़ी जिला धार में एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया था। दंपती बदनावर से शादी समारोह से रतलाम लौट रहे थे। रात में फोरलेन पर बीच सड़क पर ट्रक खड़ा कर निर्माण सामग्री उतारी जा रही थी। तभी हादसा हुआ था। रात में ट्रक से निर्माण सामग्री उतारी जा रही थी। इसी दौरान कार पीछे से आकर ट्रक में जा घुसी।

You missed

error: Content is protected !!