• Mon. Oct 26th, 2026

भगवान श्री देवनारायणजी जन्मोत्सव पर शोभायात्रा का आयोजन, नगर के विभिन्न मार्गों से निकली यात्रा

BySurendra Jain

Feb 9, 2025

खबर पक्की, 9 फरवरी, रतलाम। भगवान श्री देवनारायणजी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर समस्त गुर्जर समाज, जिला रतलाम के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा का आयोजन पूरे हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।
शोभायात्रा का शुभारंभ प्रात: 10 बजे त्रिपोलिया गेट से हुआ, जहां सैकड़ों श्रद्धालु एवं समाजजन पारंपरिक परिधानों में उपस्थित रहे। शोभायात्रा में घोड़े, बग्गियां, बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े और आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रही। सुसज्जित रथ में भगवान देवनारायण जी का चित्र विराजमान था। यात्रा में राजस्थान के आसींद में स्थित अंतर्राष्ट्रीय तीर्थ स्थान मालासेरी डूंगरी के पुजारी श्यामलाल पोसवाल मुख्य रूप से मौजूद रहे।
शोभायात्रा चांदनी चौक, चौमुखीपुल, घांसबाजार, माणक चौक, गणेश देवरी, धनमंडी, नाहरपुरा चौपाटी, कॉलेज रोड, नगर निगम चौक, महलवाड़ा एवं थावरी बाजार होते हुए श्री देवनारायण मंदिर, गुर्जर मोहल्ला, धर्मभाई जी का वास, रतलाम पर समाप्त हुई। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।
महाआरती एवं प्रसादी वितरण
शोभायात्रा के समापन के उपरांत श्री देवनारायण मंदिर में महाआरती एवं भव्य प्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में समस्त गुर्जर समाज, जिला रतलाम के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएँ एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

error: Content is protected !!