• Fri. Oct 30th, 2026

नॉनअटेंड शिकायतों के मामले में कलेक्टर हुए सख्त, संबंधित अधिकारियों को शोकाज नोटिस जारी होंगे, समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न

BySurendra Jain

Sep 4, 2023

खबर पक्की, 4 सितंबर, रतलाम। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में उन अधिकारियों के प्रतिशत नाराजगी व्यक्त की जो मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायतों को अटेंड नहीं कर रहे हैं। कलेक्टर द्वारा ऐसे अधिकारियों को चिन्हित करके शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश सोमवार समय सीमा पत्र की समीक्षा बैठक में दिए गए हैं। ऐसे अधिकारियों के वेतन भी काटे जाएंगे।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि 50 से ज्यादा शिकायत वाले विभागों की एक दिन छोड़कर समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन अधिकारी अपने लक्ष्य तय करके शिकायतों का निराकरण करें। शासन प्रायोजित योजनाओं में हितग्राहियों के प्रकरणों में राशि स्वीकृत एवं वितरण की कार्रवाई तेज करने के निर्देश कलेक्टर ने जीएमडीआईसी को दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि 15 सितंबर के पश्चात किसी भी प्रकरण में पेंडेंसी नहीं रहना चाहिए, शत-प्रतिशत स्वीकृत प्रकरणों में वितरण हो जाना चाहिए।
कलेक्टर ने कृषि, उद्यानिकी, सहकारिता तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी को निर्देशित किया कि फसलों की बुवाई, अनुमानित उत्पादकता, किसान की समस्या, मौसमी समस्या इत्यादि का डाटा कलेक्ट करके उपलब्ध कराए। इसके साथ ही समीक्षा के दौरान कलेक्टर द्वारा ट्राइबल, डीपीसी, शिक्षा, कृषि विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह अपने अधीनस्थ कर्मचारियों, अधिकारियों को अनावश्यक रूप से पत्र जारी नहीं करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए की सभी एसडीएम अपने क्षेत्र के पीडि़त व्यक्तियों को प्रशासन के कब्जा दिलाओ अभियान के तहत उनकी हक की भूमि पर कब्जा दिलवाएं। एसडीएम, भारसाधक अधिकारी होने के नाते जिले की मंडियों में किसानों को कोई समस्या उत्पन्न नहीं होने दें, उनकी जिम्मेदारी है।
विधानसभा निर्वाचन 2023 की तैयारी के संदर्भ में कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों, एसडीएम को निर्देशित किया कि वह अपने लिए निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए निर्देशों का भलीभांति अध्ययन कर लें, अपने पास सामग्री रखें। कलेक्टर ने टेंडर प्रक्रिया, प्रशिक्षण, पोस्टल बैलट, वलनरेबल मैपिंग, मतदाता सूची, परीक्षण इत्यादि के संबंध में भी अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। सभी अधिकारियों को अपने कार्य के संबंध में चेक लिस्ट रखने के निर्देश दिए। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला स्तर से जारी निर्देशों को हार्डकॉपी में रखें अपने से संबंधित प्रेजेंटेशन तैयार रखें।

You missed

error: Content is protected !!