• Fri. Nov 20th, 2026

त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के पहले चरण में जिले के आलोट विकासखंड में 74.42 प्रतिशत मतदान हुआ, मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न

BySurendra Jain

Jun 25, 2022

खबर पक्की, 25 जून, रतलाम। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन -2022 के तहत पहले चरण में रतलाम जिले के आलोट विकासखंड में मतदान हुआ। रिटर्निंग ऑफिसर (पंचायत) विकासखंड आलोट द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रात: 7 से अपराह्न 3 बजे तक क्षेत्र में 74.42 प्रतिशत मतदान हुआ। इस दौरान पुरुषों के मतदान का प्रतिशत 70.72 एवं महिलाओं के मतदान का प्रतिशत 78.30 रहा, जबकि अन्य मतदाताओं ने शत प्रतिशत मतदान किया।
जानकारी के अनुसार मतदान प्रक्रिया में 96888 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 47078 पुरुष मतदाता, 49807 महिला मतदाता एवं तीन अन्य मतदाता शामिल रहे। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न हुई। समस्त मतदान केंद्रों पर उपस्थित मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया। अंतिम समय तक मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कतारें लगी थी। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के उपरांत मतदान केंद्र पर की जाने वाली मतगणना हुई। उल्लेखनीय है कि आलोट विकासखंड क्षेत्र में जनपद क्षेत्रों/ वार्डों की संख्या 23 है। ग्राम पंचायतों की संख्या 90 हैं जिनमें वार्ड 1402 हैं। मतदान केंद्रों की संख्या 239 है। यहां कुल मतदाता 130185 है। इनमें पुरुष मतदाता 66573, महिला मतदाता 63609 तथा अन्य मतदाता तीन हैं।

कलेक्टर- एसपी ने आलोट क्षेत्र का सघन भ्रमण कर मतदान एवं कानून व्यवस्था का जायजा लिया
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत जिले की जनपद पंचायत आलोट में 25 जून को संपन्न मतदान कार्य का सघन निरीक्षण कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी तथा पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी द्वारा किया गया। अधिकारियों ने कानून व्यवस्था का भी जायजा लिया और मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान दलों को दिशा निर्देश दिए।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र सूर्यवंशी तथा पुलिस अधीक्षक तिवारी ने आलोट जनपद क्षेत्र के ग्राम करवाखेड़ी, लसूडियाखेड़ी, खारवाकला, मंडावल तथा कोटडी ग्रामों में पहुंचकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लाइन व्यवस्थित करवाई तथा पीठासीन अधिकारियों को कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने आलोट में कंट्रोल रूम पहुंचकर तैनात कर्मचारियों से चर्चा की तथा कार्यों का निरीक्षण किया एवं प्रगति से अवगत हुए।

error: Content is protected !!