खबर पक्की, 22 जून, रतलाम। नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी के विजयी अभियान की शुरूआत बुधवार को नाम वापसी दौरान ही हो गई। शहर के वार्ड क्रमांक-30 से भाजपा प्रत्याशी शबाना खालिक खान निर्विरोध पार्षद निर्वाचित हो गई। वार्ड क्रमांक-31 में भी भाजपा प्रत्याशी के अलावा दो अन्य निर्दलीय प्रत्याशी ही शेष है, जिससे इस वार्ड में भी पार्टी की जीत सुनिश्चित हो गई है। शबाना खालिक खान के निर्विरोध पार्षद निर्वाचित होते ही भाजपा में खुशी की लहर दौड़ गई। श्रीमती खान ने विधायक चेतन्य काश्यप से भेंटकर आशीर्वाद लिया। श्री काश्यप ने नवनिर्वाचित पार्षद का स्वागत कर सम्मान किया गया। निर्विरोध निर्वाचित पार्षद के साथ शेरू पठान भी श्री काश्यप के कार्यालय पहुंचे थे, उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा करवाकर बधाईयां दी। इस दौरान चुनाव संयोजक मनोहर पोरवाल, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा सहित पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा के महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल के समर्थन में अशोक पोरवाल और सीमा टांक ने लिया नाम वापस
रतलाम 22 जून 2022। भाजपा के महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल के समर्थन में अशोक पोरवाल और सीमा टांक ने बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा, शहर विधायक चेतन्य काश्यप सहित अन्य नेताओंकी उपस्थिति में नाम वापस ले लिया। एक अन्य प्रत्याशी प्रहलाद राठौड़ ने पूर्व में ही नाम वापसी कर ली थी। भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में 3 प्रत्याशियों ने नाम वापसी कर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में पूरी निष्ठा और समर्पण भाव से काम करने का संकल्प लिया है। महापौर पद के दोनों प्रत्याशी अशोक पोरवाल व सीमा टांक द्वारा नाम वापस लिए जाने पर शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने खुशी जाहिर करते हुए पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण भाव की सराहना की। इस दौरान चुनाव संयोजक मनोहर पोरवाल, जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, निर्मल कटारिया, प्रहलाद राठौड़ सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे। यह जानकारी जिला मीडिया सहप्रभारी अरूण त्रिपाठी ने दी।
वार्डों में पार्षद पद के कई प्रत्याशियों ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में नाम वापसी की
नगर निगम चुनाव में विभिन्न वार्डों से नामांकन पत्र प्रस्तुत करने वाले पार्षद प्रत्याशियों ने बुधवार को वार्ड के भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में नाम वापसी कर ली। सभी प्रत्याशियों ने नाम वापसी के बाद विधायक चेतन्य काश्यप से मुलाकात कर नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को भारी बहुमत से जिताने का संकल्प व्यक्त किया।
वार्ड 4 से अनिता शर्मा, पूजा शर्मा, वार्ड 6 से दीपक सेन, सुबेन्द्रसिंह गुर्जर, वार्ड 8 से संजय पांचाल, वार्ड 9 से दिव्या शर्मा, वार्ड 18 से शैलेन्द्र सोनी, वार्ड 19 से एकता कदम, वार्ड 23 से शैलेन्द्र माण्डोत, राजेश रांका, वार्ड 24 से कैलाश गुर्जर, वार्ड 25 से रीना टांक, वार्ड 29 से राधेश्याम मारू, राकेश परमार, वार्ड 32 से प्रभुलाल सोलंकी, वार्ड 36 से तृप्ति परिहार, शिवानी शर्मा, वार्ड 39 से ज्योतिका मेहता, वार्ड 40 से जयेश जैन, श्रेणिक जैन, वार्ड 41 से हर्ष चौहान, दैदिप्य पाठक, वार्ड 43 से अनिता कसेरा, शीतल दरकुनिया, वार्ड 45 से सत्यदीप भट्ट, यशवंत यादव, तपन शर्मा, वार्ड 46 से अशोक कुमार पंचोली, वार्ड 49 से गायत्री उपाध्याय ने नाम वापस ले लिए।
नाम वापसी के बाद सभी प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ शहर विधायक चेतन्य काश्यप से मिलने के लिए उनके कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पार्टी हित में कार्य करने एवं पार्टी द्वारा तय प्रत्याशी को भारी बहुमत से जिताने का संकल्प व्यक्त किया। विधायक श्री काश्यप ने प्रत्याशियों द्वारा नाम वापस लिए जाने पर खुशी जाहिर करते हुए पार्टी के प्रति निष्ठा और समर्पण भाव की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पणपूर्वक की गई मेहनत से भाजपा निगम चुनाव में जीत दर्ज करेगी।



