खबर पक्की, 22 नवंबर, रतलाम। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने जिले में शासकीय स्तर पर मेडिकल कॉलेज की सौगात दी है । लेकिन इस मेडिकल कॉलेज में अब तक हॉस्पिटल (उपचार) शुरू नहीं होना दु:खद है। प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री वरिष्ठ भाजपा नेता हिम्मत कोठारी ने इस संदर्भ में प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग को पत्र लिखकर मेडिकल कॉलेज में मरीज़ों के उपचार प्रारंभ करने की मांग की है।
श्री कोठारी ने पत्र में कहा है कि रतलाम मेडिकल कॉलेज बने चार साल होने वाले है, जहां मेडिकल के विद्यार्थी डॉक्टर की पढ़ाई कर रहे है, जिन्हें प्रैक्टिकल शिक्षा का अनुभव लेने में दिक्कतें आ रही है, वहीं रतलाम जिले सहित आसपास के जिलों एवं राजस्थान सीमा के आसपास के लोगो को इस मेडिकल कॉलेज का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सिर्फ कोरोना काल और ड़ेंगू प्रकोप के समय ही यहां मरीजो को भर्ती कर उपचार किया गया था। अब मेडिकल कॉलेज में समस्त संसाधनों की उपलब्धता हो गई है , वहीं एमबीबीएस के साथ दूसरे पाठ्यक्रम भी शुरू होने जा रहे है, वहीं जिला अस्पताल के भवन भी जर्जर हालत होने से कई वार्ड को बन्द कर दिया गया। जिस कारण भी गरीब परिवार एवं मध्यमवर्गीय लोगो को उचित उपचार नही मिल पा रहा। अनेक मरीजो को उपचार के लिये प्राइवेट हॉस्पिटल या शहर से बाहर अन्य अस्पताल जाना पड़ता है। ऐसी स्थिति को देखते हुए इसी वर्ष में ही मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा उपचार को प्रारंभ कर देना चाहिए।
श्री कोठारी ने बताया कि रतलाम के लोगो की अनेक वर्षो के कठिन परिश्रम के बाद मिली इस सौगात का जनता लाभ ले सके। श्री कोठारी ने पत्र में बताया कि बार बार यह कहा जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज में शीघ्र हॉस्पिटल प्रारंभ किया जा रहा है और फिर उसमें हो रही देरी के कारण आम जन में भी रोष है। इसलिए इसी वर्ष में ही मेडिकल कॉलेज में हॉस्पिटल प्रारंभ किया जाए, ताकि आमजन को उपचार की सुविधा मिल सके।

