• Fri. Jul 31st, 2026

बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से चेन झपटी

BySurendra Jain

Sep 26, 2020

खबर पक्की, 26 सितंबर, रतलाम। शहर में एक बार फिर चेन स्नेचिंग गिरोह ने अपनी दस्तक दे दी है। बीती रात शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में दुपहिया पर जा रही एक महिला पर झपट्टा मारकर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन खींच ली। दो बत्ती पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सपना उम्र 35 वर्ष निवासी तेजा नगर बीती रात दुपहिया वाहन पर फ्रीगंज रोड से जा रही थी। इसी दौरान फ्रीगंज रोड स्थित रामा होटल के पास पहुंचने के दौरान बाइक सवार दो बदमाश महिला की स्कूटी के बराबर अपनी बाइक लाये। इस दौरान पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारते हुए उसके गले डेढ़ तोला वजनी सोने की चेन खींच ली।
महिला कुछ समझ पाती की उसके पहले ही बाइक सवार बदमाश तेज गति से घटनास्थल से फऱार हो गये। इसके बाद महिला ने अपने घर पर अपने साथ हुए हादसे की सूचना दी और दो बत्ती थाने पहुंची। महिला ने पुलिस को अपने साथ हुए घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ धारा 392 तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी चेक कर रही है।

error: Content is protected !!