कोलकाता। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की भले ही भारतीय राजनीति में आज तूती बोलती है लेकिन पश्चिम बंगाल में हालात इसके ठीक उलट है। बंगाल में अमित शाह के कार्यक्रम के लिए भाजपा को जगह ही नहीं मिल पा रही है। पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर भाजपा ने आरोप लगाए है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सरकार बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रम के लिए जगह नहीं उपलब्ध करा रही है। बीजेपी की ओर से कहा गया है कि अमित शाह के कार्यक्रम के लिए कोलकाता में पार्टी ने कई स्थानों के लिए अप्लाई किया है, लेकिन जगह पक्की नहीं हो पाई है। इससे पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत के कार्यक्रम के आयोजन के लिए ऑडिटोरियम की परमिशन भी नहीं दी गई थी।
अमित शाह 11 से 13 सितंबर के बीच पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान 12 सितंबर को उनके कार्यक्रम के लिए नेताजी इनडोर स्टेडियम बुक किया गया था, लेकिन वहां पर कुछ काम चलने की वजह से परमिशन नहीं दी गई थी।
बीजेपी नेता रूपा गांगुली ने राज्य सरकार पर हमला करते हुए कहा कि ममता सरकार हर मुद्दे पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि ममता सरकार ने कांग्रेस और लेफ्ट पर इस तरह की रोक नहीं लगाई है बल्कि बीजेपी पर लगातार रोक लगा रही है। गौरतलब है कि 3 अक्टूबर को कोलकाता के सरकारी स्वामित्व वाले सभागार महाजति सदन में एक इवेंट होना था, जिसमें मोहन भागवत भाषण देने वाले थे, लेकिन अधिकारियों ने इसकी बुकिंग को रद्द कर दिया। बंगाल के गवर्नर केसरी नाथ त्रिपाठी भी इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। भाषण का विषय ‘भारत के राष्ट्रवादी आंदोलन में सिस्टर निवेदिता की भूमिका’ था। आयोजक अब नए ऑडिटोरियम की तलाश कर रहे हैं।
