खबर पक्की, 29 अप्रैल, रतलाम। मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने रतलाम विकास प्राधिकरण के लिए नई नियुक्तियों का आदेश जारी कर दिया है। शासन द्वारा जारी इस आदेश के तहत रतलाम के वरिष्ठ नेता श्री मनोहर पोरवाल को प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नवनियुक्त अध्यक्ष के साथ ही शासन ने दो उपाध्यक्षों और पांच सदस्यों की भी घोषणा की है, जिससे अब शहर के विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। प्राधिकरण की नई टीम में ?अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी एवं प्रवीण सोनी, सदस्य राजेन्द्र सिंह गोयल, राजेन्द्र मौर्य, धीरज व्यास, श्रीमती राखी व्यास, श्रीमती किरण महावर को जिम्मेदारी सौंपी है।
आगामी आदेश तक मिली जिम्मेदारी
भोपाल स्थित मंत्रालय से जारी इस आदेश के अनुसार, इन सभी की नियुक्तियां मध्य प्रदेश नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 की धारा-40 के तहत दी गई शक्तियों का प्रयोग करते हुए की गई हैं। यह नियुक्तियां कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगी।
विकास को मिलेगी नई गति
रतलाम विकास प्राधिकरण में लंबे समय से इन नियुक्तियों का इंतजार किया जा रहा था। अध्यक्ष और पूरी टीम की घोषणा होने के बाद अब शहर के मास्टर प्लान, आवासीय योजनाओं और बुनियादी ढांचे से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर निर्णय लिए जा सकेंगे।
रतलाम विकास प्राधिकरण में नियुक्तियां : मनोहर पोरवाल बने अध्यक्ष, गोविंद काकानी और प्रवीण सोनी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
