• Sat. Oct 17th, 2026

जीजा ने साले को प्राइवेट पार्ट पर मारी लात, मौत, बहन-पिता को पिटने से बचाने पहुंचा था; मृत्युभोज कार्यक्रम में हुई कहासुनी

BySurendra Jain

Oct 17, 2026

खबर पक्की, 17 अक्टूबर, रतलाम। जिले के रावटी थाना क्षेत्र में जीजा की लात मारने से साले की मौत का मामला सामने आया है। 15 अक्टूबर को गांव अकडिय़ा में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान विवाद हुआ था।
आरोप है कि जीजा ने साले के प्राइवेट पार्ट पर जोर से लात मार दी, जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। इलाज के बाद परिजन उसे घर ले आए थे, जहां शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह परिजन बिना पोस्टमॉर्टम अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवाया। पुलिस ने आरोपी जीजा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
बेटी से मारपीट पर ससुर ने पूछा कारण
घटना 15 अक्टूबर की गांव अकडिय़ा की है। गांव निवासी भीमजी (55), पिता बाबरिया गामड़ के भाई गोवर्धन के घर नुक्ता (मृत्युभोज) का कार्यक्रम था। इसमें परिवार के रिश्तेदार शामिल होने आए थे। भीमजी की छोटी बेटी सपना का पति गलिया, निवासी सिंगत मऊड़ा, थाना रावटी भी कार्यक्रम में आया था।
भीमजी घर के बाहर आंगन में रिश्तेदारों के साथ बैठे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि गलिया उनकी बेटी सपना के साथ मारपीट कर रहा है। भीमजी ने पास जाकर मारपीट का कारण पूछा तो आरोप है कि गलिया ने उन्हें गाली दी और थप्पड़ मार दिया।
बीच-बचाव करने आए साले को मारी लात
पिता को थप्पड़ मारते देख उनका बेटा पप्पू गामड़ (35) बीच-बचाव करने पहुंचा। उसने अपने जीजा गलिया से पिता को मारने का कारण पूछा। इसी दौरान गलिया ने पप्पू के प्राइवेट पार्ट पर जोर से लात मार दी। इससे पप्पू बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी वहां से भाग गया।
अस्पताल से घर लाए, रात में हुई मौत
परिजन पप्पू को बेहोशी की हालत में रावटी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां से उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार होने और बातचीत करने पर परिजन 16 अक्टूबर को उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर घर ले आए। हालांकि, शुक्रवार रात उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इससे पहले मेडिकल कॉलेज चौकी से थाने में तहरीर पहुंची थी। इसके बाद पुलिस पप्पू की तलाश में मेडिकल कॉलेज पहुंची, लेकिन शुक्रवार रात वहां वह नहीं मिला।
बिना पोस्टमॉर्टम अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे परिजन
शनिवार सुबह परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसकी जानकारी रावटी थाना पुलिस को मिली तो थाना प्रभारी मनीष डाबर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
रावटी थाना प्रभारी मनीष डाबर ने बताया कि तबीयत में सुधार होने पर परिजन पप्पू को अस्पताल से घर ले गए थे, लेकिन शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी थी। शनिवार सुबह जानकारी मिलते ही शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया।
पुलिस ने मृतक के पिता की रिपोर्ट पर आरोपी गलिया, पिता नागू कटारा, निवासी ग्राम सिंगत, के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

You missed

error: Content is protected !!