• Fri. Sep 4th, 2026

रतलाम-इंदौर फोरलेन पर स्लीपर बस पलटी, भीलवाड़ा से नासिक जा रही थी, 28 यात्री घायल; क्रेन की मदद से बस सीधी की गई

BySurendra Jain

Sep 4, 2026

खबर पक्की, 4 सितंबर, रतलाम। रतलाम-इंदौर फोरलेन पर गुरुवार रात करीब डेढ़ बजे स्लीपर बस पलट गई। हादसा सातरुंडा के पास रत्तागिरी चौराहे से पहले हुआ। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। रतलाम और बदनावर से 3-4 एंबुलेंस बुलाकर घायलों को रात करीब 2 से ढाई बजे के बीच रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
कर्व टर्न पर पलटी बस, बारिश के दौरान हुआ हादसा
हादसे के समय बारिश हो रही थी। जिस जगह बस पलटी, वहां सड़क पर कर्व टर्न है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि तेज गति में होने के कारण बस मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटी। इस स्थान पर पहले भी सड़क हादसे हो चुके हैं। हालांकि दुर्घटना का विस्तृत कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
कुछ यात्रियों को फ्रैक्चर, किसी की हालत गंभीर नहीं
हादसे की सूचना मिलते ही बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस के अनुसार हादसे में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है, हालांकि कुछ यात्रियों को फ्रैक्चर हुआ है।
क्रेन की मदद से बस को सीधा किया
रेस्क्यू के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटी बस को सीधा कराने का काम शुरू किया। रतलाम के पुलिस अधिकारी भी रात में घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस बल सुबह करीब 4.30 बजे तक मौके पर मौजूद रहा और बस को सीधा कराने की कार्रवाई की।

You missed

error: Content is protected !!