• Thu. Apr 30th, 2026

रतलाम में पहली बार तापमान का पारा 44 के पार, दिन में भट्टी की तरह तपन

BySurendra Jain

Apr 25, 2026

खबर पक्की, 25 अप्रैल, रतलाम। मध्य प्रदेश के कई शहरों में गर्मी बढऩे से सूरज के तेवर तीखे हो गए और तपिश बढऩे लगी है। दस दिन से मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर चल रहा है और कई शहरों में गर्म हवा भी चल रही है। वहीं रतलाम में 25 अप्रैल 2026 का दिन सबसे गर्म दिन रहा और अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके साथ ही इस दिन गर्मी के सारे रिकार्ड तोड़ दिए, क्योंकि इस गर्मी के मौसम में तापमान का पारा पहली बार 44.5 डिग्री पर पहुंचा है। इसके पहले अधिकतम तापमान 44 डिग्री एक सप्ताह पहले 18 अप्रैल को रहा था।
रतलाम शहर पहली बार अप्रैल माह में इतना तप रहा है। बीते वर्षों में कभी अप्रैल माह में अधिकतम तामपान 44 डिग्री के पार नहीं गया। अप्रैल माह में 41 से 43 डिग्री तक तापमान रहता है लेकिन पहली बार इस वर्ष अप्रैल माह में गर्मी ने सारे रिकार्ढ तोड़ दिए और तापमान का पारा अप्रैल माह के अंतिम दौर में अधिकतम तापमान (दिन का) 44.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान (रात का) 25.2 डिग्री पर पहुंच गया। वैसे मालवा में रातें ठंडी होती है, और अधिकांश समय रात आठ बजे बाद मौसम ठंडा होने लगता है, लेकिन इस बार अप्रैल माह में ही देर रात तक गर्मी का मौसम बना हुआ है। रात 11 से 12 बजे तक मौसम में थोड़ी ठंडक घुलती है, तब जाकर लोगों को गर्मी से राहत मिलती है। जिस प्रकार से दिन और रात का तापमान बढ़ रहा है, उससे लगता है कि आने वाले दिनों में रातों में भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।.

error: Content is protected !!