• Sat. Apr 18th, 2026

पुलिस की बड़ी सफलता : 72 घंटे में सुलझाए हत्या और लूट के दो मामले, चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

BySurendra Jain

Apr 17, 2026

खबर पक्की, 17 अप्रैल, रतलाम। जिले के बाजना थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई दो सनसनीखेज वारदातों का पुलिस ने महज 72 घंटों के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या और लूट के मामलों में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहली घटना 13 अप्रैल की है, जब जावरा से शादी समारोह से लौट रहे कादर खां और उनकी पुत्री को ग्राम रतनगढ़ पीठ स्थित माही नदी पुल पर बदमाशों ने अपना निशाना बनाया था। अज्ञात बदमाशों ने चाकू की नोक पर पिता-पुत्री को रोककर करीब 20 हजार रुपये नकद, आभूषण और जरूरी दस्तावेज लूट लिए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की थी।
वहीं, दूसरी घटना 14 अप्रैल को बाजना थाना क्षैत्र अंतर्गत ग्राम देवीपाड़ा में एक शादी के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में सुनील झोडिय़ा नामक युवक की पत्थर और चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।
जल्द गिरफ्त में होगा फरार आरोपी
एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल के नेतृत्व में गठित टीम ने दबिश देकर निलेश झोडिय़ा, शंभु भाभर, सुभाष सिंगाड़ और तोलु खराड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। पुलिस के अनुसार, एक अन्य आरोपी अश्विन कटारा अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
सराहनीय पुलिस टीम की भूमिका
इस पूरे खुलासे में थाना प्रभारी बाजना निरीक्षक मनीष डावर, निरीक्षक सुरेन्द्र गडरिया (रावटी), निरीक्षक अर्जुन मेमलिया (सरवन), उपनिरीक्षक रामसिंह खपेड़, सहायक उपनिरीक्षक योगेश निनामा, मुख्य आरक्षक कानु सिंह जामोद, आरक्षक नीरज त्यागी, कमलेश हारी, शंकर राव शिंदे, सन्नी मईड़ा, प्रेमसिंह, नरवर मईड़ा एवं साइबर सेल टीम की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।

error: Content is protected !!