खबर पक्की, 30 अप्रैल, रतलाम। जिले के नामली थाना क्षेत्र में एक गोदाम पर कब्जे के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना में लोहे की रॉड और लात-घूसों का इस्तेमाल किया गया, जिससे एक ही परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रतलाम में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी दिलीप अग्रवाल निवासी नामली ने पुलिस को बताया कि उन्होंन कृषि उपज मंडी सामने एक गोदाम मनोहर वाडेल से किराए पर ले रखा है। 26 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि कुछ लोग उनके गोदाम में तोडफ़ोड़ कर रहे हैं। जब फरियादी अपनी भाभी अनिता अग्रवाल, भतीजी निकिता और भाई तेजकरण के साथ मौके पर पहुंचे, तो वहां आरोपी प्रदीप राठौर, मनीष राठौर, दिलीप राठौर और रमेश राठौर एक पिकअप (रूक्क13त्र्र7574) में अनाज भरने की कोशिश कर रहे थे।
गाली-गलौज के बाद हुआ हमला
जब फरियादी पक्ष ने गोदाम अपना होने की बात कही और उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने लोहे की नुकीली रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में दिलीप अग्रवाल के कान, कंधे और हाथ पर चोटें आईं। उनकी भाभी और भतीजी के साथ भी मारपीट की गई। बीच-बचाव करने आए भाई तेजकरण के दोनों हाथों और सीने पर गंभीर वार किए गए।
जान से मारने की धमकी
फरियादी का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने धमकी दी कि यदि वे दोबारा गोदाम पर आए, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। मौके पर मौजूद अन्य लोगों और परिजनों ने जैसे-तैसे बीच-बचाव कर घायलों को छुड़ाया और निजी वाहन से अस्पताल पहुँचाया।
पुलिस कार्रवाई
नामली पुलिस के जांच अधिकारी रामचंद्र बारोट ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की विभिन्न धाराओं 296(ए), 115(2), 351(3), 324(4), और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
नामली में गोदाम के माल पर कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष : धारदार हथियारों से हमला, कई घायल
