खबर पक्की, 30 अप्रैल, रतलाम। मिड टाउन कॉलोनी में गुरुवार सुबह 2 साल की बच्ची की पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई। काफी देर तक जब मासूम घर में नहीं दिखी तो पूरे घर समेत आसपास तलाश किया। वह नहीं मिली। पानी की टंकी की तरफ नजर गई तो बच्ची पानी की टंकी में बेसुध हालात में मिली। परिजन मासूम को टंकी से निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
बच्ची का नाम काव्या पिता रोहन सबरवाल था। सुबह 11.30 बजे घर में बच्ची खेलते हुए पानी की टंकी में गिर गई। दो मंजिल मकान होने के कारण परिजनों ने घर के अंदर तलाशा। आसपास जाकर पूछा नहीं मिली। तब मृतका के चाचा जुगल ने घर के पोर्च में बनी टंकी में देखा तो मासूम उसमें मिली।
तीन प्राइवेट व सरकारी हॉस्पिटल लेकर गए
बच्ची को बेसुध हालत में परिजन सबसे पहले शहर के रोटरी गार्डन के सामने प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर गए। वहां से उन्हें जिला अस्पताल ले जाने को कहा। परिजन बच्ची को लेकर सरकारी मदर चाइल्ड केयर यूनिट (एमसीएच) पहुंचे। जहां मौजूद डॉक्टर प्रतीक आर्या ने मृत घोषित कर दिया। लेकिन परिजन नहीं माने। तुरंत वहां से दौड़ते हुए बाइक पर लेकर एक अन्य प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर गए।
वहां से वापस उन्हें सरकारी हॉस्पिटल ले जाने को कहा। तब फिर से वह सरकारी हॉस्पिटल पहुंचे। लेकिन फिकर वह वहां नहीं रुके। इसके बाद शास्त्री नगर स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर गए। वहां पर भी बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे शव लेकर परिजन घर पहुंचे। मासूम एकलौती थी।
पीएम कराने से मना किया
सूचना मिलने पर स्टेशन रोड थाने से चीता फोर्स के जवान लोकेंद्रसिंह मृतका के घर पहुंचे। लेकिन परिजनों ने पीएम कराने से मना कर दिया। परिजनों ने लिखकर दिया कि हम पीएम नहीं कराना चाहते।
घटना के बाद से बच्ची के माता-पिता समेत अन्य परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल था। बात करने तक की स्थिति में नहीं थे। दोपहर बाद भक्तन की बावड़ी मुक्तिधाम ले जाकर अंतिम संस्कार किया।
दो दिन पहले घर में हुई शादी
मृतका के पिता रोहन समरवाल यश बैंक में अकाउंट का काम करते हैं। रोहन के तीन भाई हैं। बड़ा भाई राहुल समरवाल, दूसरा मृतका के पिता रोहन व तीसरा छोटा भाई जुगल है। जुगल की तीन दिन पहले ही शादी हुई थी। 28 को कॉलोनी में रिसेप्शन हुआ था। घर में शादी की खुशियां थी। लेकिन बच्ची की मौत के बाद खुशियां गम में बदल गईं।
मदर चाइल्ड केयर यूनिट (एमसीएच) के डॉ. प्रतीक आर्या ने बताया कि परिजन बच्ची को मृत अवस्था में लेकर आए थे। बच्ची को देखा, सीपीआर भी दिया। अटेंडर पैनिक हो रहे थे। यहां से बच्ची को प्राइवेट हॉस्पिटल भी लेकर गए। जहां से डेड घोषित कर वापस यहां लेकर आए। उन्हें समझाया। इसके बाद वह चले गए। स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन ने बताया कि बच्ची खेलते हुए पानी की टंकी में गिरी है। परिजनों ने पीएम कराने से मना किया है। लिखित में दिया है।
टंकी में गिरी 2 साल की बच्ची, मौत, परिजन तीन अस्पताल ले गए, पीएम नहीं करवाया, तीन दिन पहले चाचा की शादी हुई थी
